फ़ॉलोअर

शनिवार, 8 मई 2021

कोरोना विषाणु तीसरी लहर : भय का वातावरण ❓

 सम्मानित और स्नेहिल मित्रों

आजकल कोविड की तीसरी लहर का अनदेखा भय व्याप्त हो रहा, अभी द्वितीय लहर ख़त्म भी नही हुई और समाचार चैनल वालों ने एक अनदेखे भय को वातावरण में घोलना शुरू कर दिया ।अच्छा इतना भय तो कभी नही होता जबकि सबको पता है कहीं जाते वक्त किसी भी वाहन का ब्रेक अनियंत्रित हो जाए या सड़कों पर लगे वृक्ष कभी भी ऊपर गिर जाएँ या कोई भवन अनायास गिर जाए और हम चपेट में आ जाएँ तो हमारा जीवित रह पाना मुश्किल होगा, पर हम कभी नही सोंचते। भयभीत क्यूँ नही होना चाहिए इसके बारे में मैं कुछेक बातें बताता हूँ:

प्रथम बिंदु: ये मैं मानता हूँ की प्रथम कोविड लहर की तुलना में द्वितीय लहर थोड़ी कष्टदायक अधिक रही, अधिक व्यक्ति इस बार संक्रमित हुए और कुछेक अपनों को हमने खोया भी, पर ये भी सत्य है जिनको ये  वैक्सिन लगी थी उन पर ये असर कम ख़तरनाक था (अपवादों को निकाल दें), सरकारें (राज्य और केंद्र) दोनों  वैक्सिनेशन पर समर्पित हैं जिनसे तृतीय लहर को हम कुछ हद तक नियंत्रण कर लेंगे ।

द्वितीय बिंदु: प्रत्येक बार हम ये क्यूँ सोचें कि इसके जीन (वंशानुगत सूत्रों) में बदलाव  संक्रमण को ख़तरनाक ही बनाएँगे, ये भी हो सकता है की कोई जीन में ऐसा भी बदलाव आए जो इसके संक्रमण की गति को कम कर दे या समाप्त कर दे (ऐसा बदलाव भी सम्भव है, उक्त बदलाव को जैवप्रोदयोगिकी वाले जीन थेरपी के वाहक वेक्टर में प्रयोग करते हैं) तो ये भी सम्भव है।

तृतीय बिंदु: अब जब हम अपने शत्रु यानि कोरोना को जब समझ गए हैं कि इसका प्रसार व संक्रमण अधिकतर नाक या मुँह के मार्ग से होता है तो हम इसके लिए मास्क का प्रयोग हमेशा करेंगे।

ये सब सोचकर अनदेखा भय अवश्य कम होगा,  फिर हमारी शृष्टि का उद्भव आज तो हुआ नही कई कल्प वर्ष व्यतीत हो गए, पौराणिक साक्ष्यों के आधार पर कई युग बीत चुके पर हमारी वंश प्रणाली चलती जा रही । बस अब भोज्य पदार्थों का चयन प्रतिरक्षा प्रणाली को ताकत प्रदान करने वाले ही चुनें,योग प्राणायाम को दिनचर्या में ढालें और ईश्वर पर विश्वास करें सबकुछ पूर्ववत हो जाएगा।किसी विद्वान की सुंदर पंक्तियाँ जीवन दर्शन दर्शाती हुई

“हौंसले मत हार गिरकर वो मुसाफ़िर,ठोकरें इंसान को चलना सिखाती”

सकारात्मक विचारों का ही संग्रह करें,अपना ध्यान रखें व मास्क का प्रयोग करें🙏




रविवार, 2 मई 2021

कोरोनकाल और धैर्यरहित हम भारतीय

 एक तो कोरोना महामारी ऊपर से धैर्यरहित हम भारतीय, मुझे याद नही ये अवगुण हम भारतीयों ने कब से आत्मसाथ कर लिया, क्यूँकि पहले तो हम जगतगुरु कहलाते थे । हमने विश्व को सदमार्ग दिखाया,ज़्यादातर धर्म हमारी ही धरा से अपना प्रवाह लेकर समस्त विश्व को जीवन को जीने की शैली सिखाने के लिए जाने जाते है।

हाँ फिर उपनिवेश काल में ग़ुलाम रहे पर ग़ुलाम अधीर नही हो सकते हाँ उससे पहले सामंतवादी और मुग़लकाल में  कुछ जीवनमूल्यों का ह्रास हुआ, पर अब तो लोकतंत्र व गणतंत्र प्रणाली है जिसने हम सब एक समान अधिकार रखते।

फिर ये धैर्यहीनता साथ क्यूँ नही छोड़ रही, आजकल कोरोनाकाल में अस्पताल एक सीमित सुविधाओं से युक्त हैं जो आवश्यकता के अनुरूप अपर्याप्त है, इस महामारी में जब कोरोनाग्रस्त परिजन को किसी अस्पताल में दाख़िला नही मिल पाता तो हम चिकित्सकों से भिड़ जाते, उनके साथ शारीरिक व मौखिक दुर्व्यवहार पर उतर जाते, जो इस कोरोना से ग्रस्त लोगों का ही उपचार कर रहे थे । उन चिकित्सकों का अपराध क्या ? क्या ये कि इस महामारी में वो अपने परिजनों के साथ न रहकर अपने कर्तव्यपथ पर चल रहें, हम ये क्यूँ भूल जाते की वो भी किसी के पुत्र, पुत्री, पिता, पति और भाई हैं उनके भी आप जैसे रिश्ते हैं फिर भी वो मौत और जीवन के बीच खड़े होकर जीवन देने के लिए तत्पर रहते वो भी इतने असहज वस्त्रों और परिवेश में जहां शोक विषाद ,भयानक बीमारी और मौत का भय और उनके भी सकुशल वापसी का उनके बच्चों व परिवार का आपकी तरह ही इंतज़ार रहता है।  हाल में मैक्स हॉस्पिटल दिल्ली में एक चिकित्सक ने लोगों को अपने सामने दम तोड़ते देख, असहाय अनुभव कर आत्महत्या कर ली, मानवता की मदद में इतना तनाव इनको भी होता ये कोई मशीन तो हैं नही ।

हमारी धैर्यहीनता का ही परिणाम, राजनीतिज्ञों ने इतना दबाव बना दिया गया कि एक वैक्सीन बनाने वाले संस्थान सिरम इन्स्टिटूट  आफ इंडिया के मुखिया आदर पूनावाला को ब्रिटेन जाना पडा और उनको जान पर ख़तरा लगने लगा, भारत सरकार में उनको Y श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान किया पर ये धैर्यहीनता हमारी पूरी व्यवस्था में व्याप्त हो गयी।

कभी कभी हम रेलवे के आरक्षण के लिए पंक्तिबद्ध होते तो टिकट का आरक्षण न मिल पाने पर उन पर हमला तो नही कर देते❓ क्यूँकि हमसबको ज्ञात है की ये एक निश्चित सीमा के बाद रेलगाड़ी में सीट तो जोड़ नही सकते ।वैसे हमको अन्य सुविधाओं व व्यवस्थाओं को समझना चाहिए और धैर्य का दामन नही छोड़ना चाहिए।

चिकित्सकों पर  दुर्व्यवहार अत्यंत दुःखद और निंदनीय है और न ही ये हमारी परम्परा का हिस्सा है।

शनिवार, 1 मई 2021

कोरोना के धुँधले अंधेरे के बीच चमकते कुछ उजाले

 राष्ट्र जहाँ कोरोना त्रासदी झेल रहा है वहीं लोग अपने किरदार को अपने अन्दाज़ में प्रस्तुत कर रहें हैं, मतलब आपदा में अवसर वाली निकृष्ट मानसिकता के लोग सक्रिय हैं तो कहीं महर्षि दधीचि जैसे शृष्टि के उपकार के लिए अपने शरीर तक को दान कर देने वाले लोग । “( महर्षि दधीचि ने अपने शरीर का दान कर दिया था जिससे उनकी हड्डियों द्वारा अस्त्र बनाए गए थे जिससे पीठ की हड्डी से वज्र और सिर से ब्रह्मशिर नामक अस्त्र बनाए गए थे और देवताओं ने उक्त अस्त्रों द्वारा असुरों पर विजय पायी थी )” हाँ तो पहले उजले पक्ष की बात करें,जो आज भी भारतीय सनातन परम्परा के लिए प्रेरणाश्रोत है,मैं बात करने जा रहा हूँ नारायण भाऊराव दाभाडकर जी की जो नागपुर के रहने वाले  उम्र 85वर्ष, हाल में जब कोरोना ग्रस्त हुए तो बेटी ने बड़ी मुश्किल से इंदिरा गांधी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया, पर कुछ दिनों में वहीं एक युवा 40 वर्ष का जो कोरोना से ग्रस्त था अस्पताल आया उसकी पत्नी का रो रोकर बुरा हाल था  उसके छोटे बच्चे थे, पर कोई ऑक्सिजन सुविधा से सम्पन्न बेड ख़ाली नही था। उक्त अवसर पर सनातन परम्परा के उच्च आदर्शों से सुशोभित नारायण भाऊराव जी जो उसी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे उन्होंने अपने बेड को उक्त मरीज़ को देने के लिए स्वेक्षा प्रस्तुत की,जबकि उनका भी ऑक्सिजन समुचित स्तर से नीचे चल रहा था, अस्पताल प्रशासन से कहा मैंने लगभग अपनी ज़िंदगी पूर्ण कर ली है,पर उक्त मरीज़ पर अभी ज़्यादा ज़िम्मेदारी हैं और अपना बेड दे दिया। जबकि ३दिन के बाद नारायण जी का निधन हो गया। इससे ये पता चलता है की अभी भी महर्षि की परम्परा के ध्वजवाहक हैं।

अब आते हैं, आपदा में अवसर की निकृष्ट मानसिकता के लोगों पर जैसे ही सरकार ने वैक्सिनेशन की घोषणा की आ गए वैक्सीन पंजीकृत का ढोंग रचकर ओटीपी द्वारा बैंक खाते को ख़ाली करने वाले लोग, ख़ैर ये तो कुछ भी नही अभी हाल में पता चला की रेमेडेसविर की फ़र्ज़ी कम्पनी चलाने लगे और अन्य दवाई पर नई फ़र्ज़ी रेमेडेसविर का चिप्पक. ये दवा पहले से तो कालाबाज़ारी का शिकार थी ही अब ये नया काम शुरू हो गया।

एक और दुखद पक्ष पता चला की नॉएडा में अन्य जगह भी ऐसा होगा, लोग अस्पताल से बातचीत करके (जिसे अपनी बोलचाल में सेटिंग कहते हैं) करके पहले से बेड पर स्वस्थ रहते हुए भी क़ाबिज़ हो गए (अंदेशा है कि अस्पताल में कोविड का पैसा राज्य सरकार देंगी तो अस्पताल मोटा पैसा वसूलने के लिए फ़र्ज़ी बिल द्वारा, कारनामे को कर सकती) जो भी हो या फ़र्ज़ी बेड क़ाबिज़ लोगों ने ये भी सोचा होगा कि भविष्य में यदि उनके  परिवार के लिए ग़र ज़रूरत होगी तो ये हमारी आरक्षित शय्यिका/बेड काम में आ जाएगा पर जिनको वास्तव में आवश्यकता है उनका क्या होगा? ये विचारणीय क्यूँ नही ?

अस्पताल अपनी  आय में मानवता का गला घोंटकर वृद्धि करने पर आमादा गर हैं तो क्यूँ ?जो भी वास्तविकता हो पर दोनों कारनामे घृणित ही कहे जाएँगे।

इसमें कोई शंका नही कि अभी भी अच्छे लोग हैं पर निकृष्ट मानसिकता का बोझ कुछ ज़्यादा ही बढ़ गया, आशा है कि हमारे आदर्श नारायण भाऊराव जी ही हैं, महान  विभूति को सादर नमन 🙏 शायद सुनने में आया की वो राष्ट्रीय स्वयम् सेवक संघ के स्वयम्सेवक थे (संस्था जो मानवता और राष्ट्रीयता पर समर्पित) सदियाँ ऐसे देवदूतों को हमेशा याद रखेंगी।

अपना ध्यान रखें मास्क लगाएँ💐




कोरोना विषाणु तीसरी लहर : भय का वातावरण ❓

 सम्मानित और स्नेहिल मित्रों आजकल कोविड की तीसरी लहर का अनदेखा भय व्याप्त हो रहा, अभी द्वितीय लहर ख़त्म भी नही हुई और समाचार चैनल वालों ने ए...